|
नाथपा झाकड़ी संयंत्र द्वारा लक्ष्य से अधिक बिजली उत्पादन
08 Jun 2010
प्लांट प्रबंधन एवं उत्पादनगत कार्यकुशलता के आधार पर एसजेवीएन के 1500 मेगावाट क्षमता के नाथपा झाकड़ी जल विद्युत स्टेशन ने चालू वित्तीय वर्ष के विद्युत उत्पादन के लक्ष्यों से अधिक विद्युत उत्पादन किया है। विद्युत मंत्रालय द्वारा तय 1440 मिलियन यूनिट के लक्ष्य की तुलना में पावर स्टेशन ने 7 जून,2010 तक 1618 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन किया है, जो पावर स्टेशन के लिए न केवल एक रिकार्ड है बल्कि वर्ष 2009-10 की इसी अवधि से 282 मिलियन यूनिट अधिक है।
वर्ष 2009-10 के लिए तय 6600 मिलियन यूनिट के लक्ष्य की तुलना में 7018 मिलियन यूनिट का रिकार्ड बिजली उत्पादन करने के उपरांत देश का सबसे बड़ा 1500 मेगावाट क्षमता का नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन चालू वित्तीय वर्ष के दौरान लगातार अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन कर रहा है।
उत्तरी ग्रिड के राज्यों को बेशकीमती बिजली मुहैया करा रही सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम एसजेवीएन की 1500 मेगावाट क्षमता की फ्लैगशिप परियोजना ने इस अवधि के दौरान 100औ से अधिक का प्लांट लोड फैक्टर हासिल किया है।
पावर स्टेशन द्वारा वर्ष 2009-10 के दौरान अब तक का सर्वाधिक 7018 मिलियन यूनिट बिजली का रिकार्ड उत्पादन न केवल विद्युत मंत्रालय द्वारा समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत तय लक्ष्य से 400 मिलियन यूनिट अधिक था, बल्कि वर्ष 2008-09 के विद्युत उत्पादन से भी इतना ही अधिक था।
हाल ही में 41.5 करोड़ इक्विटी शेयरों का आईपीओ (इनीशियल पब्लिक ऑफर) लेकर आया एसजेवीएन विद्युत उत्पादन में 4000 मेगावाट की बढ़ोत्तरी करने के लिए नेपाल एवं भूटान सहित देश के विभिन्न भागों में दस जलविद्युत परियोजनाओं का निर्माण कर रहा है। कंपनी की 412 मेगावाट क्षमता की रामपुर जल विद्युत परियोजना वर्ष 2013 के दौरान पूरे होने की अग्रिमावस्था में है। कंपनी नेपाल में अपनी 900 मेगावाट क्षमता की अरुण-III जलविद्युत परियोजना के लिए 400 केवी/डीसी ट्रंसमिशन लाईन के निर्माण कार्य अपने हाथ में लेकर विद्युत ट्रंसमिशन के कारोबार में भी उतर गई है। इसकी जल्द ही विंड पावर के क्षेत्र में भी उतरने की योजनाएं हैं।
|